भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। राजनीति की टेढ़ी चाल समझना बहुत मुश्किल काम है। प्रदेश सरकार के खिलाफ हर बार मोर्चा खोलने वाली कांग्रेस (Congress) पार्टी ने नया संदेश दिया है, जिसने राजनीतिक पंडितों को पशोपेश में डाल दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा विधायक सुरेश चंद्र राउतराय (Suresh Chandra Raut Rai) ने प्रदेश सरकार के पक्ष में बोलते हुए कहा कि 18 से 44 साल आयुवर्ग को जब राज्य सरकार टीकाकरण करने वाली है तो सार्टिफिकेट (Vaccination Certificate) में नरेन्द्र मोदी (Narender Modi) की तस्वीर लगाना नहीं चाहिए। उसके स्थान पर सीएम नवीन पटनायक (CM Naveen Patnaik) की तस्वीर लगनी चाहिए।

सुर भाई के नाम से मशहूर कांग्रेस विधायक सुरेश चंद्र राउतराय ने तर्क दिया है कि पड़ोसी पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने कोविड टीकाकरण सार्टिफिकेट में नरेन्द्र मोदी की तस्वीर हटाकर अपनी तस्वीर लगानी आरंभ कर दी है। ऐसा ही कदम ओडिशा सरकार को भी उठाना चाहिए।

यह मांग अगर बीजू जनता दल की तरफ से की जाती तो बात समझ में आती है, लेकिन नवीन सरकार की घोर विरोधी रही कांग्रेस के नेता जब ऐसी मांग उठाते हैं तो राजनैतिक पंडितों के कान अवश्य खड़े हो जाते हैं। लगता है मोदी का विरोध करने वाली कांग्रेस ओडिशा में केंद्र सरकार के खिलाफ अपने राजनैतिक विचारधारा से मेल नहीं खाने वाली बीजद के साथ खड़ी होकर संदेश देना चाहती है कि हर कदम पर हर कीमत पर मोदी का विरोध किया जाएगा।