नई दिल्ली, जेएनएन। निखिल जैन संग अपनी शादी में दरार और प्रेग्नेंसी की ख़बरों के बीच शुक्रवार को टीएमसी सांसद और बंगाली फ़िल्मों की मशहूर अभिनेत्री नुसरत जहां की एक तस्वीर इंटरनेट पर वायरल हो रही है, जिसमें वो बेबी बंप के साथ नज़र आ रही हैं।
इस तस्वीर में नुसरत के साथ बंगाली सिनेमा की एक और जानी-मानी अभिनेत्री श्रावंती चटर्जी भी दिखायी दे रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि बेबी बंप के साथ नुसरत की यह पहली तस्वीर है। दावा यह भी है कि नुसरत की प्रेग्नेंसी का दूसरा ट्राइमेस्टर चल रहा है।
नुसरत के प्रेग्नेंट होने की ख़बरें पिछले कुछ दिनों से आ रही हैं, मगर एक्ट्रेस ने इसको लेकर चुप्पी साध रखी है। अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। हालांकि, प्रेग्नेंसी की ख़बरें आने पर निखिल ने एबीपी आनंदा से कहा था कि उन्हें प्रेग्नेंसी के बारे में कोई जानकारी नहीं। यह बच्चा उनका नहीं है, क्योंकि वो पिछले कई महीनों से अलग हैं।
View this post on Instagram
बता दें, नुसरत जहां की शादी में खटपट की ख़बरें पहली बार पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले आयी थीं। नुसरत ने निखिल जैन के साथ अपनी सारी तस्वीरें इंस्टाग्राम से हटा दी थीं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि वो बंगाली अभिनेता और सह कलाकार यशदास गुप्ता के साथ रिलेशनशिप में हैं। कुछ महीने पहले दोनों रोड ट्रिप पर भी साथ गये थे। इसके बाद पश्चिम बंगाल चुनाव से ठीक पहले यशदास गुप्ता ने बीजेपी ज्वाइन कर ली थी।
नुसरत और निखिल की शादी में दरार की ख़बरें हाल ही में बाहर आयीं, जब नुसरत ने 9 बिंदुओं का एक स्टेटमेंट जारी करके अपनी शादी को भारत में अमान्य बताया। नुसरत ने स्टेटमेंट में कहा कि उनकी और निखिल की शादी तुर्की के क़ानून के हिसाब से हुई थी, जो भारत में वैध नहीं है। इसके अलावा, चूंकि यह दो अलग-अलग मज़हब के लोगों की शादी थी तो इसे भारत में स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत दर्ज़ करवाना चाहिए था, जो नहीं हुआ।
View this post on Instagram
क़ानून के अनुसार, यह शादी नहीं, बल्कि एक रिलेशनशिप या लिव-इन रिलेशनशिप है। इसलिए तलाक़ का सवाल ही नहीं उठता। नुसरत ने आगे कहा कि हमारा सेपरेशन काफ़ी पहले हो गया था, लेकिन मैंने इसको लेकर कोई बात नहीं की, क्योंकि मैं अपनी निजी ज़िंदगी को अपने तक ही रखना चाहती थी। इसलिए सेपरेशन के दौरान मैंने क्या किया, उस पर मीडिया या किसी और द्वारा सवाल नहीं उठाना चाहिए। कथित शादी क़ानूनी, वैध या उचित नहीं हैं।
View this post on Instagram
वहीं, निखिल जैन ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा था- 'मैंने प्यार की वजह से नुसरत को शादी के लिए प्रपोज किया था। हमने जून, 2019 में तुर्की जाकर शादी की थी। इसके बाद कोलकाता लौटकर रिसेप्शन दिया था। हम पति-पत्नी की तरह ही रहते थे समाज में लोग हमें विवाहित जोड़े के तौर पर ही जानते थे। मैंने एक भरोसेमंद पति की तरह अपना वक्त, पैसा और सामान नुसरत को सौंप दिया था। दोस्त-परिवार के लोग जानते हैं कि मैंने नुसरत के लिए क्या कुछ किया है। मैंने बिना किसी शर्त के हमेशा नुसरत का सहयोग किया।'

















a